हिमाचल में बर्फबारी के बाद बादलों के साथ आसमान में धूप खिली

ख़बरें अभी तक। हिमाचल में बर्फबारी के बाद तीसरे दिन भी मौसम के कड़क मिज़ाज़ से राहत नहीं मिली है, ज्यादातर क्षेत्रों में आसमान में बादलों का डेरा लगा हुआ है। प्रदेश में छह नेशनल हाईवे समेत 431 सड़कें अभी भी बंद है। वहीं चंबा में ठंड ने एक व्यक्ति की जान ले ली, जबकि बिजली लाइन ठीक करते फोरमैन की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। बर्फबारी के चलते विधानसभा सत्र में कई विधायक समय पर तपोवन नहीं पहुंच पाए थे।

बर्फबारी के चलते कुल्लू में 50 सड़कें बंद

दिसंबर महीने के शुरू में ही बर्फबारी से मुश्किलें बढ़ गई है, लेकिन खेती बाड़ी और बागवानी के साथ गर्मियों में पेयजल किल्लत से दिसम्बर की बर्फ निजात दिलाएगी। चंबा, पांगी, भरमौर, तीसा और सलूणी क्षेत्र में हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। कुल्लू और लाहौल घाटी के संवेदनशील स्थानों में भी लोगों को घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी है। कुल्लू में 50 सड़कें बंद हैं।

सराज में दो गाड़ियां बर्फ पर फिसलने से पलटी

चंबा जिले की 110 सड़कों पर यातायात बाधित है। शिमला और किन्नौर ज़िलों में भी सड़क यातायात प्रभावित। कुफरी, नारकंडा, खड़ा पत्थर और चौपाल का खिड़की क्षेत्र में फिसलन के चलते फिलहाल यातायात बाधित। भरमौर-पठानकोट एनएच बकाणी से भरमौर तक बाधित रहा। शिमला-रामपुर, आनी-औट, रामपुर-रिकांगपिओ, मनाली-लेह एनएच भी बंद हैं। मंडी के सराज में दो गाड़ियां बर्फ  पर फिसलने से पलट गईं। इसमें सवार लोग बाल-बाल बच गए।

बर्फबारी के बाद सैलानियों की संख्या में हुआ इजाफा 

चंबा में पुलिस लाइन बारगाह के पास मलकीत सिंह पुत्र पुन्नू राम निवासी लोअर जुलाहकड़ी की ठंड से मौत हो गई। चंबा के मंगला में बर्फबारी के दौरान फोरमैन देस राज की बिजली लाइन दुरुस्त करते ह्दय गति रुकने से जान चली गई। प्रदेश में हुई ताजा बर्फबारी के बाद यहां आने वाले सैलानियों की संख्या में इजाफा हुआ है।

कुफरी और हसन वैली में फंसे पर्यटकों को सकुशल निकाला गया

सर्दी का आलम ये है कि राजधानी शिमला सहित छह स्थानों का न्यूनतम पारा माइनस में पहुंच गया है। पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कुफरी और हसन वैली में फंसे 170 पर्यटक दस घंटे चले बचाव अभियान के बाद सकुशल निकाले गए। इनमें 90 महाराष्ट्र और 70 राजस्थान से शिमला घूमने आए थे। इनमें से कुछ विद्यार्थी भी शामिल हैं।

बर्फबारी के चलते दर्जन भर लोग अभी भी फंसे

बर्फबारी के चलते चंबा के जोत नामक स्थान पर दर्जन भर लोग बीते तीन दिनों से अभी भी फंसे हैं। शनिवार को शिमला सहित पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। हालांकि आज भी बादलों के साथ आसमान में धूप खिली हुई है।

प्रदेश के इलाकों में न्यूनतम तापमान डिग्री…….

  • केलांग                    -5.7
  • कुफरी                    -3.9
  • कल्पा                    – 2.8
  • मनाली                   – 1.8
  • शिमला                  – 0.5
  • डलहौजी                – 0.4

जबकि तापमान भी बेहद कम दर्ज किया गया है।

बर्फबारी सेंटीमीटर में

  • रोहतांग दर्रा                210
  • कोकसर-मढ़ी             125
  • शिकारी देवी               120
  • जलोड़ी दर्रा                100
  • सोलंगनाला                   90
  • डलहौजी                      60
  • वशिष्ठ                          30
  • मनाली                         20