हरियाणा विधानसभा का एक दिवसीय सत्र : सीएम मनोहर लाल ने संकल्प पत्र किया प्रस्तुत

खबरें अभी तक। हरियाणा विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में मंगलवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संविधान दिवस पर सरकारी संकल्प पत्र सदन में प्रस्तुत करते हुए अपनी चर्चा आरम्भ की। उन्होंने संकल्प पत्र पढ़कर सुनाया। मुख्यमंत्री ने सदन को इस बात से भी अवगत करवाया कि प्रदेश के जन-जन को विशेषकर युवा पीढ़ी को मूल कर्तव्यों से परिचित करवाने के लिए आज से बाबा साहेब डॉ. भीम राव अम्बेडकर की 129वीं जयंती अर्थात् 14 अप्रैल 2020 तक पूरे प्रदेश में मूल कर्तव्य जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

इसमें शिक्षण संस्थाओं, नागरिक संगठनों व सरकारी विभागों द्वारा मूल कर्तव्यों पर वार्ता, संगोष्ठी, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, विचार गोष्ठियां, निबंध लेखन व पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा, ग्राम स्तर पर अनेक जागरूकता यात्राएं और शहरी स्थानीय निकायों में वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। अधिवक्ता संगठनों द्वारा सम्मेलन व विचार गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी और राज्य के कानूनी सहायता केन्द्रों व जिला कानूनी सेवा प्राधिकरणों द्वारा जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि हमारे महान सदन की और इसके सभी सम्मानित सदस्यों की भी हर नागरिक को उसके मूल कर्तव्यों के बारे में अवगत करवाने और दैनिक जीवन में इनका अनुपालन करने की आवश्यकता पर बल देने में बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए यह सदन इस दिशा में हर संभव, सतत् और प्रभावी प्रयास करने का संकल्प लेता है, ताकि हम एक सम्पूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य के रूप, एक सशक्त भारत निर्माण में सफल हो सकें।