अयोध्या फैसले के बाद लगी धारा 144 के चलते कांग्रेस ने स्थगित किए अपने धरने प्रदर्शन

हरियाणा कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेश भर में चलाए जा रहे आंदोलन को अगले निर्देश तक स्थगित कर दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने यहां जारी बयान में इसकी जानकारी दी है।

सैलजा ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न भागों में लगी धारा 144 के मद्देनजर हरियाणा कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेश भर में 7 से 14 नवम्बर तक चलाए जा रहे आंदोलन को स्थगित कर दिया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन की अगली तारीखों के बारे में सूचित कर दिया जाएगा।

बता दें कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 5 से 15 नवम्बर के बीच भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन छेड़ा हुआ है। प्रदेश में यह आंदोलन 7 से 14 नवम्बर के बीच किया जा रहा था। भाजपा सरकार के खिलाफ यह आंदोलन डूबती अर्थव्यवस्था, महंगाई, बेराजगारी, कृषि संकट, बैंकिंग घोटालों और व्यापार की तालाबंदी को लेकर हैं।