भाई दूज के दिन जेल में पहुंची बहनें, कारागार में भाईयों को तिलक लगाकर मनाया त्योहार

खबरें अभी तक।  देशभर में भाई दूज का त्योहार बेहद ही धूम- धाम से मनाया गया। वहीं इस खास अवसर पर अलीगढ़ जिला कारागार में सजा काट रहे कैदियों की बहनें भी भाई दूज का त्योहार मनाने जेल पहुंची। इस दौरान बहनों ने कारागार में अपने कैदी भाइयों को तिलक लगाकर भाई दूज के रिवाज को निभाया और अपने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की।

भाई दूज पर महिलाओं की अधिकता को देखते हुए जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से व्यापक इंतजाम किए। जिससे मुलाकात के दौरान महिलाओं को परेशानियों का सामना ना करना पड़े। बता दें सुबह से ही जेल के बाहर महिलाओं की लंबी- लंबी कतारें लग गई। कतारों में खड़ी महिलाएं अपनी भाइयों से मिलने का बेसब्री से इंतजार करती देखी गई।

वही मुलाकात के बाद महिलाओं के चेहरे पर एक अलग ही खुशी झलकती दिखी। मामले में जेल पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि सभी बहनों की उनके भाइयों से मुलाकात कराई गई है। सुरक्षा की दृष्टि से सिविल पुलिस का सहयोग लिया गया है। 1500 से अधिक बहनों ने जेल में बंद अपने भाइयों से मुलाकात कर भाई दूज का पर्व मनाया है।