कांग्रेस सत्ता पाने के लिए छटपटा रही, घोषणा पत्र दिखावा : दिग्विजय चौटाला

ख़बरें अभी तक: जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र सिर्फ दिखावे के लिए पेश किया है। क्योंकि कांग्रेस पार्टी सत्ता के लिए छटपटा रही है। 21 अक्टूबर को प्रदेश की जनता जहां कांग्रेस को आइना दिखा देगी वहीं 75 पार की बात करने वालों को यमुना पार भेज देगी। हरियाणा में भाजपा पार्टी जजपा की लहर से डरी हुई है, इसलिए पीएम नरेंद्र मोदी को सबसे छोटे जिले में प्रचार करने आ रहे हैं। उनकी चुनावी रैली से जजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। दिग्विजय चौटाला शुक्रवार को दादरी क्षेत्र के कई गांवों में जजपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित करने पहुंचे थे।

चौटाला ने इस दौरान गांव स्वरूपगढ़, समसपुर, मिर्च, कमोद, चरखी व छपार सहित कई गांवों में ग्रामीण सभाओं को संबोधित किया। कहा कि हरियाणा में जजपा की सरकार बनने जा रही है। ऐसे में यहां से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ने वाली बबीता फौगाट को भाजपा ने झांसे में लाकर मैदान में उतार दिया। जब बबीता की इस क्षेत्र से जमानत जब्त होगी तो उसे एहसास होगा कि दुष्यंत के नेतृत्व में उनकी राजनीति काफी सफल होती। उन्होंने कहा कि इस समय दादरी जिले की दोनों सीटें अच्छे मार्जन से जजपा पार्टी जीत रही है।