शामली: पति पत्नी की कहासुनी के बाद साले ने जीजा को मारी गोली

ख़बरें अभी तक। शामली जनपद में साले ने जीजा को गोली मारकर घायल कर दिया है। पति पत्नी में हुई कहासुनी के बाद पत्नी के भाई ने वारदात को अंजाम दिया है और अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर गोलीकांड को अंजाम देकर फरार हो गया है। बताया जा रहा है साले ने जीजा को फ़ोन कर घर बुलाया था और फिर जीजा के पैर में गोली मार दी। सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया। आनन फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जीजा को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां युवक की हालत को गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

दरअसल मामला कांधला थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू का है। जहां पर शहजाद नाम का युवक गांव गंगेरू अपनी ससुराल में आया था। यहां पर शहजाद के पैर में गोली मारकर उसे घायल कर दिया है। गोली मारने का आरोप घायल शहजाद ने अपने साले पर लगाया है। आरोप है कि साले ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घायल युवक शहजाद अकबरपुर सुन्हेटी गांव का रहने वाला है। जिसकी शादी कांधला थाना क्षेत्र के गाँव गंगेरू में हुई थी।

करीब 4 दिन पूर्व घायल शहजाद व उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गयी थी। जिस कारण घायल सहजाद की पत्नी अपनी मायके चली आयी थी। जहां से साले ने शहजाद को फ़ोन किया और पत्नी को वहां से ले जाने के लिए कहा। जिस पर शहजाद ससुराल पहुंचा और पत्नी को अपने साथ ले जाने के लिए कहने लगा। लेकिन पहले से ही पलान बनाए बैठे साले ने जीजा शहजाद के पैर में गोली मार दी। गोली लगने से शहजाद लहूलुहान हो गया और बेहोश होकर जमीन पर जा गिरा।

और आरोपी साला व उसके दो अन्य साथी मौके से भाग खड़े हुए। जहां से घटना की सूचना पुलिस को दी। जिस पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। शहजाद की हालत को चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने शहजाद को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत पत्र पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।