गांधी जयंती पर इनेलो घोषित करेगा प्रत्याशियों की सूची: ओमप्रकाश चौटाला

ख़बरें अभी तक। गोहाना: इनेलो के सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्टूबर को इनेलो प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित करेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जिसे चाहेंगे उसी को मैदान में उतारा जाएगा। चौटाला खानपुर रोड स्थित लिटिल एंजल स्कूल के सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि दूसरे दलों के प्रत्याशी दिल्ली या चंडीगढ़ में बैठ तय होते हैं। लेकिन इनेलो में ऐसा नहीं होगा। इनेलो के प्रत्याशियों का फैसला कार्यकर्ता करेंगे। कार्यकर्ता जिसे चाहेंगे इनेलो उन्हीं उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगा। उम्मीदवार के चयन में इतना ध्यान जरूर रखें, जिस कार्यकर्ता का चयन किया जाए उसकी छवि साफ हो और संगठन के प्रति कर्मठ व निष्ठावान होगा। कार्यकर्ता चाहे गरीब भी क्यों न हो, पार्टी उसे भी मैदान में उतार देगी और उसकी मदद भी की जाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से दो दिन में टिकट के लिए कार्यकर्ताओं के नाम संगठन के शीर्ष नेताओं के पास भेजने को कहा। चौटाला ने कहा कि पार्टी के कुछ कार्यकर्ता गुमराह होकर और कुछ स्वार्थ वश दूसरे दलों में चले गए थे। गुमराह हुए कार्यकर्ताओं को समझा कर वापस इनेलो में लाया जाए लेकिन स्वार्थी लोगों के लिए संगठन में जगह नहीं है। चौटाला ने भाजपा को हर मोर्चे पर विफल बताया। इस मौके पर सुरेंद्र छिक्कारा, डॉ. रामकुमार सैनी, ओमप्रकाश गोयल, अतुल मलिक, जोगेंद्र मलिक, विनोद खरखौदा, बलजीत, अनीता, चंद्रप्रभा, राजेश हसीजा, अशोक, रामफल कुंडू, कुनाल आदि मौजूद रहे।