हरियाणा में 75 प्लस का लक्ष्य आसानी से प्राप्त कर लेंगे : रामबिलास शर्मा

खबरें अभी तक। महेन्द्रगढ़ में शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने मसानी चौक से पार्टी के महा जनसपर्क अभियान की शुरूआत करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने 5 वर्ष के कार्यकाल के दौरान सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र पर चलते हुए 36 बिरादरी के हितों के लिए अनेकों जन कल्याणकारी नीतियां बनाकर उनके उत्थान के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब बिना किसी भेदभाव के पूरे प्रदेश में विकास कार्य करवा कर आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचा कर उनके जीवन स्तर में सुधार किया है।

आज महेन्द्रगढ़ में शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने मसानी चौक से पार्टी के महा जनसपर्क अभियान की शुरूआत की। महेन्द्रगढ़ शहर में दुकान-दुकान जाकर भाजपा सरकार की उपलब्धियों की पुस्तिका दुकानदारों को बांटी। इस मौके पर भारी संख्या में भाजपा पधाधिकारी व कार्यकर्ता उनके साथ थे। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा हरियाणा में अपने 75 प्लस के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर लेगी। श्री शर्मा ने कहा कि अब क्षेत्रीय दलों का समय बीत चुका है। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकारें भी लोगों ने देख ली है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि अब हरियाणा के लोगों की निगाहें केवल भाजपा पर टिकी है।

भाजपा सरकार ने जिस प्रकार योग्यता के आधार पर प्रदेश के युवाओं को नौकरियां दी है उस से पार्टी के प्रति लोगों का विश्वास इतना बढ़ गया है कि अब उनका दूसरी किसी भी पार्टी के नेताओं में विश्वास नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 समाप्त करके देश के लोगों का मन जीत लिया है। बीते रोज मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का जन अशीर्वाद यात्रा के दौरान लाखों लोगों ने उनका जगह-जगह जोरदार स्वागत किया।  शिक्षा मंत्री ने कहा मुख्यमंत्री ने अपनी इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश के लोगों के दिलों को जीता है। श्री शर्मा का महा जनसम्पर्क अभियान मसानी चौक से शुरू होकर मुख्य बाजारों से होते हुए ब्रहमदेव चौक पर समाप्त हुआ।