युवती ने किया था प्रेम विवाह परिजनों ने घर बुलाकर काटी गर्दन

ख़बरें अभी तक। सोनीपत जिले के खंदराई गांव से ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। जहां पर युवती के प्रेम विवाह करने से नाराज परिजनों ने पहले उसे गोहाना बुलाया, उसके बाद घर ले जाकर फरसे से उसकी गर्दन काटकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार मामला शनिवार का है इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की के परिजनों और दो अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय ऋतु ने दो महीने पहले अर्जुन नामक एक लड़के से प्रेम विवाह किया था। दोनों एक ही जाति के थे। पुलिस ने बताया कि ऋतु को परिजनों ने गोहाना में बुलाया था। समता चौक पर उसे लेने के लिए उसका भाई और एक युवक पहुंचा था। वे बाइक से ऋतु को घर ले गए। आरोप है कि इसके बाद परिजनों ने फरसे से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

डीएसपी सुशील के अनुसार ऋतु अपने पति अर्जुन के साथ गोहाना आई थी। अर्जुन गोहाना में एक अस्पताल में ही रूक गया था और ऋतु कुछ देर बाद आने की बात कहकर चली गई थी। इस वजह से अर्जुन बच गया। पुलिस ने बताया कि ऋतु जुलाई माह में घर से चली गई थी, जिसकी रिपोर्ट परिजनों ने थाने में दर्ज कराई थी। इस दौरान करीब एक महीने बाद लड़की को ढूंढ़कर मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया गया था। इसके बाद से वह अर्जुन के साथ रहने के लिए चली गई थी।