सीएम मनोहर ने कसा अशोक तंवर के इस्तीफे वाले बयान पर तंज, कहा उनसे इस्तीफा मांगने की जरुरत नहीं, वे खुद दे देंगे

हरियाणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने दावा किया था, कि यदि हिसार एयरपोर्ट से हवाई यात्रा शुरू हो गई तो मैं इस्तीफा दे दूंगा। अब जैसे ही कल से हिसार एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं शुरू हुई हैं उसके बाद से लोगों ने अशोक तंवर से इस्तीफा मांगना शुरू कर दिया है, लेकिन मैं लोगों से कहना चाहता हूं कि अशोक तंवर से इस्तीफा मांगने की जरूरत नहीं है। उनकी हालत ऐसी हो गई है कि वे खुद ही इस्तीफा देने वाले हैं।

यह बात मुख्यमंत्री ने आज जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान हांसी में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही। बड़ी संख्या में शहरवासियों ने जन आशीर्वाद यात्रा व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का भव्य स्वागत किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री की यात्रा सुबह 9.30 बजे हिसार स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह से रवाना हुई। यहां से शुरू होकर यात्रा कैंप चौक, डाबड़ा चौक, मॉडल टाउन, जिंदल चौक, सातरोड़, कैंट, मैयड़ होते हुए हांसी पहुंची थी। जन आशीर्वाद यात्रा हलका के कई गांवों से होकर गुजरी। सभी स्थानों पर मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। मुख्यमंत्री ने जनता को पांच साल की उपलब्धियां गिनवाते हुए प्रदेश में पुनः भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया।