खबरें अभी तक। इस साल की मानसूनी बारिश में दिल्ली में बाढ़ का संकट पहली बार गहराया है। हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से रविवार को दिनभर में छोड़े गए करीब 21 लाख क्यूसेक पानी का असर अगले दो दिन में दिल्ली में दिखेगा। यमुना आज खतरे के निशान को पार कर सकती है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए दिल्ली में सभी संबंधित एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
यमुना के बाढ़ क्षेत्र को खाली करने का आदेश जारी हो गया है। अधिकारियों का दावा है कि दिल्ली सरकार हर तरह के हालात से निपटने को तैयार है।केंद्रीय जल आयोग से दिल्ली सरकार को मिले अलर्ट के मुताबिक आज देर शाम से इसका असर दिल्ली में दिखने लगेगा। इसके बाद यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ेगा। पूर्वानुमान है कि नदी का जल स्तर खतरे के निशान 205.33 को पार कर 207 मीटर से भी ऊपर जा सकता है।