पूर्व केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी का निधन, कांग्रेस पार्टी ने जताया शोक

ख़बरें अभी तक। कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी का हैदराबाद में रविवार तड़के निधन हो गया। 77 वर्षीय रेड्डी बीते कई दिनों से बीमार चल रहे थे। जयपाल रेड्डी को निमोनिया हो गया था। उनके निधन पर कांग्रेस पार्टी ने शोक जताया है। कांग्रेस की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया, ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी के निधन की खबर सुनकर हम दुखी हैं। वो एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता थे, जिन्होंने 5 बार लोकसभा सांसद, 2 बार राज्यसभा सांसद और 4 बार विधायक के रूप में कार्य किया।‘

जयपाल रेड्डी के निधन पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘मुझे जयपाल रेड्डी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। उत्कृष्ट सांसद और तेलंगाना के महान बेटे जयपाल रेड्डी ने अपना पूरा जीवन सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’

यूपीए-1 सरकार में उन्होंने शहरी विकास एवं संस्कृति जैसे विभागों की जिम्‍मेदारी संभाली थी। यूपीए-2 में भी उन्‍होंने शहरी विकास मंत्री के तौर पर काम किया था। बाद में यूपीए की सरकार ने ही उन्‍हें पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री बनाया था। यही नहीं उन्‍होंने विज्ञान एवं तकनीकी एवं अर्थ साइंस मंत्रालयों का भी नेतृत्‍व किया। रेड्डी का जन्‍म 16 जनवरी 1942 को हैदराबाद के मदगुल में हुआ था। वर्ष 1984 से वह कई बार सांसद के तौर पर निर्वाचित हुए थे। साल 2009 लोकसभा चुनाव में वह चेवेल्ला सीट से सांसद चुने गए थे।