HP: वेटलिफ्टर कल्याण सिंह ने देश की झोली में डाला रजत पदक

ख़बरें अभी तक। भटियात की पंचायत तारागढ़ के वेटलिफ्टर कल्याण सिंह ने आस्ट्रेलिया के समोआ में जूनियर कामनवेल्थ चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश की झोली में रजत पदक डालकर विश्व में प्रदेश का नाम रोशन किया। वेटलिफ्टर कल्याण सिंह का सांझीनाला पहुंचने पर विधायक विक्रम जरयाल की अगवाई में जोरदार स्वागत किया गया। विधायक विक्रम जरयाल ने कल्याण सिंह को हार पहनाकर और मुंह मीठा करवाकर भटियात व चंबा जिला का नाम पदक जीतकर पूरे विश्व में चमकाने के पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह की उपलब्धि ने दिखा दिया है कि ग्रामीण स्तर पर भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है तो उनके बेहतर मार्गदर्शन की।

पूरा गांव व कल्याण सिंह के दोस्त स्वागत करने पहुंचे। इस दौरान भटियात वेलफेयर कमेटी व विहिप प्रखंड चुवाड़ी के अध्यक्ष अभिनय सौंधी व सदस्यों ने कल्याण सिंह को भगवद गीता व 3100 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इससे पहले शुक्रवार को बेस कैंप पटियाला से पैतृक गांव तारागढ़ पहुंचने पर कल्याण सिंह का सांझीनाला में स्वागत के दौरान लोगों की खासी भीड़ उमड़ी। बताते चलें कि कल्याण सिंह ने 96 किलो भार वर्ग में कुल 287 भार उठाकर कई देशों के खिलाडि़यों को पछाड़ दिया है।

इससे पहले भी कल्याण सिंह अपने बेहतरीन प्रदर्शन के चलते खेलो इंडिया गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीत कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक हासिल कर हिमाचली गबरू ने ऊंची उड़ान भरी है। उन्होंने 287 किलो ग्राम भार में स्नैच 127 और क्लीन व जक में 160 किलो ग्राम भार उठाया है। इस मौके पर एसडीएम भटियात बच्चन सिंह, भाजपा मंडल महामंत्री दिव्य चक्षु, युवा मोरचा महामंत्री अनिक गुप्ता, तारागढ पंचायत के प्रधान वीरेंद्र, अभिनय सौंधी व गौरव जर्याल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।