पंजाब रोडवेज के कर्मचारी तीन दिन की हड़ताल पर बैठे

ख़बरें अभी तक। पंजाब रोडवेज के कर्मचारी मंगलवार से हड़ताल पर बैठ गए है। कर्मचारियों की मांग है कि नौकरी में नियमितीकरण और वेतन में बढ़ोतरी हो। नाराज कर्मचारियों ने तीन दिन की हड़ताल की घोषणा की है। इसके चलते राज्य के कई इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में चल रही निजी बसों की संख्या काफी कम हैं और ऐसे में लोग अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने पंजाब रोडवेज और पनबस सेवा को कई इलाकों में रोक दिया। कुछ शहरों और गांवों में जो बसें संचालित की भी जा रही थीं उन्हें भी विरोध कर रहे कर्मचारियों ने जबरन रोक दिया। इसके चलते अब लगभग पूरी ही सरकारी बस सेवा राज्य में ठप पड़ गई है।

बस सेवा बंद होने से लुधियाना, जालंधर, पटियाला, अमृतसर, भटिंडा, फिरोजपुर और मोगा के शहरी और ग्रामीण इलाकों पर खासा प्रभाव पड़ा है। यहां पर निजी सेवा की कमी होने के चलते यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। बता दें कि यहां पर सरकारी बस सेवा पूरी तरह से ठप हो गई है। विरोध कर रहे कर्मचारियों ने राज्य के अंदर चलने वाली बसों के साथ ही अंतरराजीय बस सेवा को भी रोक दिया है। चक्का जाम की इस स्थिति में पंजाब के बाहर जाने वाली सरकारी बस सेवा भी पूरी तरह से ठप दिखाई दे रही है।