आज इन राज्यों में है बारिश की संभावना, दिल्ली समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी

ख़बरें अभी तक। गर्मी से बेहाल यूपी, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और केरल के लोगों ने रविवार को राहत की सांस ली। सूरज की तपिश को बारिश की बूंदों ने काफी हद तक ठंडा किया। बंगाल, ओडिशा, गुजरात, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। बता दें कि देश में मानसून ने दस्तक दे दी है। रविवार को कई राज्यों में बारिश ने मौसम को खुशगवार कर दिया। कर्नाटक, गोवा आंध्र प्रदेश और केरल में भारी बारिश हुई। देश के 11 राज्यों के लिए मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है। इन राज्यों में यूपी, दिल्ली, बंगाल, उत्तराखंड, गुजरात,असम, महाराष्ट्र, राजस्थान शामिल हैं। साथ ही मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गौरतलब है कि देश में अबतक 38 फीसदी मानसूनी बारिश हुई है। जून में 23 राज्यों में औसत से भी कम बारिश हुई। केवल अंडमान-निकोबार में ही औसत से ज्यादा बारिश हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून धीमी रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। राजस्थान के पश्चिमी क्षेत्र से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ रेखा फैली है। छत्तीसगढ़ के आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र भी बना है। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को सोमवार से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिन (बुधवार) तक दिल्ली एनसीआर में बारिश होने की संभावना है। देश के 20 राज्यों में मानसून पहुंच गया है। जबकि, दिल्ली समेत कुछ राज्यों में लोगों को अब भी मानसून का इंतजार है। दिल्ली एनसीआर में मानसून पहुंचने की सामान्य तारीख 29 जून है।