Weather update: उतर भारत पहुंचेगा पश्चिमी विक्षोभ, दिल्ली में बारिश की संभावना

ख़बरें अभी तक । भीषण गर्मी के बाद उत्तर भारत में कई स्थानों पर शनिवार को बारिश होने से लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दक्षिण पूर्व मानसून ने दस्तक दे दी है। इसके प्रभाव से वहां से नमी वाली हवा दिल्ली पहुंचेगी। साथ ही नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत पहुंच रहा है जिससे मानसूनी बारिश के आसार प्रबल हो गए हैं। दक्षिण-पश्चिम में भी मानसून का आगमन हो चुका है। मानसून के आगमन के साथ पूरे बिहार में बारिश हुई। पटना में 33 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण तापमान आठ डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 32.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 और 26 जून को बिहार में झमाझम बारिश की संभावना है।

मैदानी इलाकों के साथ ही पहाड़ों में भी मानसून का आगमन हो चुका है। उत्तराखंड में भी बारिश हुई है। रविवार और सोमवार को भारी बारिश के आसार बन रहे हैं। विशेषकर कुमाऊं के नैनीताल और चम्पावत जिलों में तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। दिल्ली वालों को आज गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। रविवार को बादल छाए रहेंगे, साथ ही हल्की बारिश होने की भी संभावना है। इसके अतिरिक्त 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।