दिल्ली: टीचर ने पत्नि समेत अपने तीन बच्चों को चाकुओं से गोदा

ख़बरें अभी तक। दिल्ली के महरौली इलाके के वार्ड 2 में एक शख्स ने अपने 3 बच्चों और पत्नी की चाकू से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। हत्या करने वाले शख्स ने एक नोट भी लिखा है, जिसमें उसने कबूला कि उसने चारों लोगों की हत्या उसने की है। बता दें कि आरोपी पेशे से टीचर है और बच्चों को होम ट्यूशन देता था। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि उसने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया है। आरोपी की दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी लड़की उम्र 7 वर्ष, लड़के की उम्र 5 साल और सबसे छोटी लड़की की उम्र डेढ़ महीने बताई जा रही है। आरोपी का नाम उपेंद्र शुक्ला है। उसने शुक्रवार देर रात 1 से 1.30 बजे के बीच सभी की हत्या कर दी।

डीसीपी विजय कुमार के मुताबिक सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर पुलिस को कत्ल की जानकारी मिली। लाश के पास से उपेंद्र के लिखे दो नोट बरामद हुए हैं, जिसमें से एक हिंदी और एक अंग्रेजी में लिखा हुआ है। इन नोट्स में उपेंद्र ने लिखा कि ये सभी कत्ल मैंने किए हैं। मैं इसके लिए जिम्मेदार हूं। डीसीपी के मुताबिक उपेंद्र की पत्नी अर्चना डायबिटीज से पीड़ित थी और आर्थिक तंगी डिप्रेशन और कत्ल की वजह हो सकती है।