जम्मू कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में हिमाचल का जवान शहीद

ख़बरें अभी तक। जम्मू कश्मीर में आतंकियों से लड़ते हुए हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के बंगाणा उपमंडल का सरोह निवासी जवान अनिल कुमार जसवाल जम्मू-कश्मीर में शहीद हो गया। आतंकियों के खिलाफ एक ऑपरेशन में अनिल कुमार जसवाल भी शामिल था। इस दौरान वह बुरी तरह से जख्मी हो गया था। मंगलवार सुबह उसने जम्मू कश्मीर के सेना अस्पताल में दम तोड़ दिया।

अनिल जैक रायफल में सिपाही पद पर तैनात थे। शहीद की शादी दो साल पहले ही हुई थी और बीते जनवरी महीने में बेटे का जन्म हुआ। शहीद अनिल कुमार छह साल पहले ही फौज में भर्ती हुए थे।

बताया जा रहा है शहीद दो सप्ताह पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौटा था। उनकी शहादत के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।  जानकारी के अनुसार सोमवार को दक्षिण कश्मीर के बडूरा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच करीब 12 घंटे चली मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। इस दौरान एक मेजर समेत दो फौजी जवान शहीद हुए हैं। अनिल इस हमले में घायल हो गया था। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। जहां उनका निधन हो गया।