प्रदेश में भर्ती होंगे 8 हजार सफाई कर्मचारी, राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने दी जानकारी

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश में 8 हजार सफाई कर्मचारियों की जल्द भर्ती की जाएगी। बेदी कुरूक्षेत्र जिला के शाहबाद कस्बा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि हरियाणा में सफाई कर्मचारी आयोग का गठन किया गया है। प्रदेश के सभी सफाई कर्मचारियों को सफाई हेतू आधुनिक यंत्र, उपकरण तथा किटें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के नोएडा की राष्ट्रीय नवनिर्माण सेवा समिति संस्था ने 200 सफाई कर्मचारियों को मैडिकल किटें द्वारा वितरित की। इस किट में बैड शीट, मास्क, ग्लव्स, साबुन आदि शामिल थे।

राज्यमंत्री ने कहा कि यह संस्था पूरे देश में बहुत ही जनहित के कार्य कर रही है। यह संस्था अब तक 15 कैंप लगा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह संस्था केंद्र व राज्य सरकार के मार्गदर्शन में मैडिकल कैंप, गरीब परिवारों को उनकी जरूरत का सामान तथा सफाई कर्मचारियों को मैडिकल किट जिसमें स्मृति चिन्ह, मास्क तथा ग्लव्स उपलब्ध करवा रही है। इस संस्था ने पूरे देश में अभियान चलाया है कि हर सफाई कर्मचारी को मास्क, ग्लव्स, जूते, गर्मी व सर्दी की ड्रैस तथा आधुनिक यंत्र उपलब्ध करवाए जाएं।