रिटायर्ड IAS बीरबल दास ढालिया बने INLD के प्रदेशाध्यक्ष, ओपी चौटाला ने किया नियुक्त

हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले इनेलो को नया प्रदेशाध्यक्ष मिल गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला ने पार्टी के पुनर्गठन का सिलसिला जारी रखते हुए बीरबल दास ढालिया आईएएस (सेवानिवृत्त) को पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष घोषित किया है।

ढालिया लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं और अनेक पदों पर कार्यभार संभाला है। पुरानी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में वह उपाध्यक्ष थे। लोकसभा चुनाव में करारी हार झेल चुके इनेलो में नई जान फूंकने का जिम्मा अब ढालिया पर आ गया है।

अशोक अरोड़ा के इस्तीफा देने के बाद प्रदेशाध्यक्ष पद खाली हुआ था। जींद उपचुनाव, नगर निगम चुनावों और लोकसभा चुनाव में करारी हार से अरोड़ा आहत थे। ओमप्रकाश चौटाला ने ऐलनाबाद से विधायक अभय सिंह चौटाला को प्रदेश प्रधान महासचिव नियुक्त किया है। पहले इस पद पर उनके बडे़ भाई अजय चौटाला थे।