प्रचंड गर्मी की चपेट में उत्तर भारत, लू बनी जानलेवा

ख़बरे अभी तक।  भीषण गर्मी और लू का कहर अब जानलेवा हो गया है। पश्चिमी उप्र में गर्मी की तपिश और लू से लोग बेहाल रहे। वहीं, प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पांच लोगों की लू की चपेट में आने से मौत हो गई। लू की चपेट में सिर्फ मैदानी राज्य ही नहीं ब्लकि पहाड़ी इलाके भी आ चुके हैं। पहाड़ों पर भी मौसम गर्म बना हुआ है। हिमाचल के ऊना में पारा 42 डिग्री को पार कर गया है।  वहीं, मौसम विभाग ने दो दिन और लू से राहत नहीं मिलने की बात कही है। उत्तर प्रदेश में रविवार को सबसे ज्यादा तापमान बांदा में 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। महोबा में अधिकतम तापमान 47 डिग्री रहा। हरियाणा में भी तापमान 48 के पास पहुंच गया है। प्रदेश का नारनौल 47.6 डिग्री तापमान के साथ सबसे ज्यादा गर्म रहा। पंजाब में भी गर्मी का कहर जारी है। इसके अलावा राजस्थान में भी छह शहरों का पारा 47 डिग्री से ऊपर रहा। राजस्थान के चुरू में शनिवार को 50.8 डिग्री तापमान था। जबकि रविवार को यह 48.9 दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश के श्रीगंगानगर और बीकानेर में भी पारा 48 डिग्री से ऊपर रहा। जबकि बाड़मेर, जैसलमेर और कोटा में 47 से ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने अभी प्रदेश में लू के हालात जारी रहने की आशंका व्यक्त की है। वहीं, 15 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

 

लू से दो दिन और नहीं मिलेगी राहत, दी चेतावनी

 

आइएमडी के मुताबिक, अगर किसी जगह का तापमान लगातार दो दिन तक 45 डिग्री से ज्यादा रहता है तो इसे लू कहा जाता है। वहीं, अगर तापमान 47 डिग्री से ऊपर रहे तो इसे गंभीर की श्रेणी में रखा जाता है। ऐसे में विभाग ने अगले दो दिन तक लू से राहत नहीं मिलने की बात कही है। इसे देखते हुए चेतावनी भी जारी की गई है।