मकालू पर्वत पर चढ़ाई करने वाली पहली भारतीय महिला बनीं प्रियंका मोहिते

ख़बरें अभी तक। हाल ही में नेपाल के कामी रीता शेरपा ने माउंट एवेरेस्ट पर चढ़ाई की जिसमें उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा था। 49 वर्षीय नेपाली शेरपा कामी रीता 23वीं बार विश्व के सबसे ऊंचे पर्वत के शिखर पर पहुंचे थे। वहीं अब 26 वर्षीय प्रियंका मोहिते ने विश्व के पांचवें सबसे ऊंचे पर्वत माउंट मकालू पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की है, माउंट मकालू की ऊंचाई 8,481 मीटर है। प्रियंका माउंट मकालू पर चढ़ाई करने वाली पहली भारतीय महिला बन गई है।

इससे पहले मई, 2018 में प्रियंका ने विश्व के चौथे सबसे ऊंचे पर्वत माउंट ल्होत्से पर भी सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी। 2013 में प्रियंका मोहिते ने विश्व के सबसे ऊंचे पर्वत माउंट एवेरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी, वे यह उपलब्धि प्राप्त करने वाली युवा महाराष्ट्रियन हैं। माउंट मकालू माउंट एवेरेस्ट के दक्षिण-पूर्व में 19 किलोमीटर दूर स्थित है। यह नेपाल-चीन सीमा के करीब स्थित है। सर्वप्रथम 1954 में राईली कीगन के नेतृत्व में अमेरिकी दल ने माउंट मकालू पर चढ़ाई की थी।