जोको विदोदो को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के रूप में पुन: चयनित किया गया

ख़बरें अभी तक। इंडोनेशिया ने जोको विदोदो को एक बार फिर विश्व के इस तीसरे बड़े लोकतंत्र का राष्ट्रपति चुना है। बता दें कि पिछले माह हुए राष्ट्रपति चुनावों में जोको विदोदो को 55.5% मत मिले। उनके मुख्य प्रतिद्वंदी पूर्व जनरल प्रबोवो सुबियांतो थे। जोको विदोदो इन्डोनेशियाई राजनेता हैं, उनका जन्म 21 जून, 1961 को हुआ था। वे इंडोनेशिया के सातवें तथा मौजूदा राष्ट्रपति हैं। वे PDI-P पार्टी से जुड़े हुए हैं। वे 2005 से 2012 तक सुरकर्ता के मेयर रहे। इसके बाद वे 2012 से 2014 तक जकार्ता के गवर्नर रहे।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोको विदोदो को लगातार दूसरी बार इंडोनेशिया का राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर मंगलवार को बधाई देते हुए कहा कि वह द्विपक्षीय साझेदारी को और गहरा करने के उद्देश्य से उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। विदोदो दुनिया के तीसरे सबसे बड़े लोकतंत्र इंडोनेशिया के फिर से राष्ट्रपति निर्वाचित हुए हैं। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘आपके दोबारा निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई ! दो बड़े लोकतंत्रों के रूप में, हमें लोकतंत्र की सफलता पर सामूहिक गर्व है।

हम आपकी और आपके करिश्माई नेतृत्व के तहत इंडोनेशिया के लोगों की सफलता की कामना करते हैं।’’ मोदी ने यह ट्वीट विडोडो को टैग किया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच राजनयिक रिश्तों के सात दशक हो गए हैं। मोदी ने कहा, ‘‘ मैं हमारी द्विपक्षीय व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए आपके साथ काम करने को उत्सुक हूं।’’

बता दें कि इंडोनेशिया दक्षिण पूर्व एशिया में स्थित एक देश है, यह हिन्द महासागर तथा प्रशांत महासागर के बीच में स्थित है। यह विश्व का सबसे बड़ा द्वीपीय राष्ट्र है, इसमें 17,000 से अधिक द्वीप हैं। इंडोनेशिया का क्षेत्रफल 19,04,569 वर्ग किलोमीटर है। इसकी जनसंख्या 26 करोड़ से अधिक है। इसकी मुद्रा इन्डोनेशियाई रूपया है। इंडोनेशिया की थलीय सीमा पापुआ न्यू गिनी, ईस्ट तिमोर तथा मलेशिया से लगती है।