जानिए, चंडीगढ़ और पंजाब में अब तक कितने प्रतिशत हुआ मतदान

ख़बरें अभी तक। Lok Sabha Election 2019 के सातवें और अंतिम चरण के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। पंजाब में अब तक 9.66 फीसद वोटिंग हुई है। वहीं चंडीगढ़ में अब तक 10.40 फीसद वोटिंग हुई है। कई जगह मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी हैं तो कुछ जगहों पर अभी कम संख्‍या में वोटर आए हैं। कुछ जगहों पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें भी आई हैं। इस वजह से मतदान शुरू होने में देरी हुई है।

पंजाब में मतदाता कुल 13 सीटों पर 24 महिलाओं सहित 278 उम्‍मीदवारों की तकदीर का फैसला करेंगे और इसे ईवीएम में दर्ज करेंगे। इसी तरह चंडीगढ़ सीट पर मतदाता नौ महिलाओं सहित 36 उम्मीदवारों की तकदीर का फैसला करेंगे। राज्य में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए अर्द्धसैनिक बलों के 30 हजार और पंजाब पुलिस के 72 हजार जवान तैनात किए गए हैं।

पंजाब में सबसे कम होशियारपुर (अजा) संसदीय सीट से सबसे कम आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अमृतसर से सबसे ज्यादा उम्मीदवार 30 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य में कुल 23,213 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। गुरदासपुर, अमृतसर, खडूर साहिब, जालंधर (अजा), होशियारपुर (अजा), आनंदपुर साहिब, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब (अजा), फरीदकोट (अजा), फिरोजपुर, बठिंडा, संगरूर, पटियाला व चंडीगढ़ में सातवें चरण में शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

वहीं चंडीगढ़ में कुल 36 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 9 महिलाएं हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 597 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चंडीगढ़ निर्वाचन क्षेत्र में कुल 6,46,084 मतदाता हैं, जिनमें 3,41,640 पुरुष मतदाता हैं; 3,04,423 महिला मतदाता और 21 मतदाता थर्ड जेंडर के हैं।

पंजाब की 13 लोकसभा सीटों से भाग्य आजमा रहे 278 उम्मीदवारों में जालंधर से अकाली दल-भाजपा प्रत्याशी चरनजीत सिंह अटवाल सबसे उम्रदराज हैं। उनकी उम्र 82 वर्ष है। वहीं, चार आजाद उम्मीदवार सबसे कम आयु के हैं। पटियाला से ऋषभ शर्मा, गुरदासपुर से परमप्रीत सिंह, अमृतसर से गौतम और शुभम कुमार मात्र 25 वर्ष के हैं।