छत्तीसगढ़ : नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सीआरपीएफ के दो जवान घायल

खबरें अभी तक: हाल ही में छत्तीसगढ़ में लगातार दूसरे दिन सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। धमतरी इलाके में शुक्रवार सुबह नक्सलियों से मुठभेड़ में CRPF के जवान घायल हो गए है। कहा जा रहा है कि मुठभेड़ में नक्सलियों को भी भारी नुकसान हुआ है। इससे पहले गुरुवार को भी कांकेर इलाके में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें बीएसएफ के चार जवान शहीद हो गए थे। वहीं मुठभेड़ में दो जवान घायल भी हुए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आपको बता दें कि कांकेर में जवानों की एक टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों के साथ जवानों की मुठभेड़ शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार पखांजूर के प्रतापपुर थाना अंतर्गत ग्राम मौला के जंगलों में नक्सलियों और पुलिस की मुठभेड़ हुई। घटना की सूचना मिलते मौके पर फोर्स को भेजा गया।  साथ ही नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड़ गुरुवार दोपहर 11.45 बजे शुरू हुई थी। नक्सलियों के द्वारा बीएसएफ की 114 बटालियन को निशाना बनाया गया है। वहीं खबर है कि इस मुठभेड़ में कई नक्सली भी घायल हुए हैं।

अभी भी नक्सलियों ने कई हमले किए हैं। नक्सलियों ने आम नागरिक और जवान दोनों को निशाना बनाया. इससे पहले होली के अवसर पर नक्सलियों ने बीजापुर में आम नागरिकों को निशाना बनाया था। तब नक्सलियों ने एक IED ब्लास्ट कर वाहन को उड़ा दिया था। जिसमें करीब 9 लोग घायल हुए थे।