होली के दिन रंग में डला भंग, गुजरात के सूरत और यूपी के बरेली में तनाव

खबरें अभी तक: रंगों के त्योहार होली के मौके पर जहां देशभर में लोग गिले-शिकवे भूलकर एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं। वहीं असमाजिक तत्वों ने इस मौके पर भी रंग में भंग डालने की कोशिश की। आपको बता दें कि गुजरात के सूरत और उत्तर प्रदेश के बरेली में कल जमकर बवाल हुआ। सूरत के बराछा विस्तार इलाके में होलिका दहन के दौरान दो गुटों में टकराव हो गया। एक प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि  होलिका दहन के समय लोग इकट्ठा हुए थे। इसी बीच टकराव हो गया। दोनों गुट एक दूसरे पर पथराव करने लगे। इस दौरान दो लोगों को चोटें आई और पांच गाड़ियों को नुकसान हुआ। थोड़ी देर बाद ही इलाके में भारी संख्या में पुलिस पहुंची।

वहीं बरेली शहर में होली को लेकर बुधवार को निकल रही ‘राम बारात’ के दौराना दो पक्षों के बीच पथराव से भगदड़ मच गयी। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। तनाव के चलते इलाके में बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

बरेली के पुलिस उप महानिरीक्षक आर.के. पाण्डेय ने बताया कि होली के मौके पर निकाली जा रही परम्परागत ‘राम बारात’ को कुछ महिलाएं साहू गोपीनाथ कॉलेज के निकट लाजपत राय मार्केट की छत पर खड़ी होकर देख रही थीं. उन महिलाओं पर बारात में शामिल कुछ अराजक तत्वों ने छेड़खानी कर दी।

उन्होंने बताया कि इसके जवाब में राम बारात में शामिल कुछ युवकों ने महिलाओं पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। देखते ही देखते ही मामले ने गंभीर होता गया। बारात में शामिल कुछ युवकों ने जवाबी पथराव किया। इससे इलाके में भगदड़ मच गयी और दुकानें बंद होने लगीं। साम्प्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाके में हुई इस घटना में दोनों समुदायों के लोग आमने—सामने आ गये। पथराव से दो राम बाराती आंशिक रूप से घायल बताये जाते हैं। कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

पाण्डेय ने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पथराव कर रहे लोगों पर हल्का बल प्रयोग करके स्थिति को सम्भाला गया। बड़ी संख्या में मौजूद पुलिस और अर्द्धसैनिक बल की मौजूदगी में राम बारात को सकुशल गंतव्य की ओर रवाना किया गया।