एकता का पीछा करना एक शख्स को पड़ा भारी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

खबरें अभी तक: खबर आई है कि डायरेक्टर और प्रोड्यूसर एकता कपूर का पीछे करने की वजह से पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। इस शख्स की उम्र 32 साल बताई जा रही है। ये पिछले कई महीनों से एकता कपूर का पीछा कर रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक बताया जा रहा है कि 30 से ज्यादा बार ये शख्स एकता को मंदिर और जिम जाते हुए रोक चुका था। इसिलिए पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया है।

आपको बता दें कि इस शख्स का नाम सुधीर राजेंद्र सिंह बताया जा रहा है जो कि हरियाणा का रहना वाला है। एकता कपूर ने खुद इस शख्स की शिकायत की थी। जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए इस शख्स की गिरफ्तारी कर ली है। बताया जा रहा है कि सुधीर एकता से दोस्ती कर उनसे काम पाना चाहता था। पुलिस अधिकारी के अनुसार, एकता कपूर के बार-बार नजरअंदाज करने के बाद भी वो शख्स उनका पीछा नहीं छोड़ रहा था।

हद की बात तो ये थी कि सुधीर, एकता का पीछा करते-करते मंदिर तक पहुंच गया। यहां उनसे बात करने की कोशिश करने लगा। उसे सिक्योरिटी गार्ड ने रोका और दोबारा ना दिखने की चेतावनी भी दी गई। इसके बाद शख्स जिम पहुंचकर एकता का इंतजार करने लगा। एकता की कंपनी की शिकायत के बाद पुलिस ने उस शख्स को ढूंढना शुरू किया।

पुलिस ने वीर देसाई रोड से सुधीर को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस आरोपी के मोबाइल की छानबीन कर ये जानने की कोशिश कर रही है कि एकता के बारे में आखिर उसे सारी जानकारी कौन देता था। पुलिस ने बताया कि वे एक चार्जशीट जमा करेंगे।