विजिलेंस अधिकारी को खरीदने की कोशिश आरटीओ को पड़ी महंगी, 10 लाख सहित दबोचा

ख़बरें अभी तक। रिश्वत के आरोपों में घिरे आरटीओ नालागढ़ को विजिलेंस के जांच अधिकारी को रिश्वत की पेशकश करना महंगा पड़ गया है। विजिलेंस ऊना में रिश्वत मामले की जांच का सामना कर रहे नालागढ़ के आरटीओ ओम प्रकाश पूरी ने विजिलेंस के जांच अधिकारी को अपने मामले को हल्का करने और आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच न करने की एवज में 10 लाख रुपये की रिश्वत देने की पेशकश की थी।

लेकिन विजिलेंस के जांच अधिकारी ने मामले की सूचना विजिलेंस के उच्चाधिकारियों को दी जिसके बाद विजिलेंस टीम ने रिवर्स ट्रैप लगाकर मैहतपुर में 10 लाख की राशि के साथ पकड़कर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी आरटीओ को बुधवार को अदालत में पेश किया जायेगा।

ऊना के मैहतपुर में विजिलेंस ने आरटीओ नालागढ़ को 10 लाख रुपये की रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ काबू किया है। विशेष बात यह है कि आरोपी यह रिश्वत किसी और को नहीं बल्कि विजिलेंस विभाग के एक अधिकारी को देने की कोशिश कर रहा था। लेकिन विजिलेंस ने जाल बिछाकर आरोपी आरटीओ को रिश्वत की रकम के साथ धर दबोचा।

आरटीओ नालागढ़ ओम प्रकाश पूरी के पास कुछ समय पूर्व ऊना का भी अतिरिक्त कार्यभार था लेकिन 28 फरवरी को आरटीओ का ऊना कार्यालय में रिश्वत लेते हुए पांच वीडियो क्लिप वायरल हुए थे जिसके बाद विजिलेंस ने आरटीओ के खिलाफ मामला दर्ज किया था। विजिलेंस की गिरफ्त से बचने के लिए पहले तो कई दिन आरटीओ भूमिगत रहा और बाद में उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत ले ली और विजिलेंस ऊना में जांच में शामिल हुआ।

इसी मामले को हल्का करने और आय से अधिक संपत्ति की जांच न करने के लिए आरटीओ ने विजिलेंस टीम को रिश्वत 10 लाख रुपये देने का ऑफर दिया। जिस पर विजिलेंस टीम ने रिवर्स ट्रैप लगाया और 10 लाख रुपये मंगलवार को मैहतपुर में देना तय हुआ था। गवाहों की मौजूदगी में विजिलेंस ऊना की ट्रैप टीम ने इस रिवर्स ट्रैप में आरटीओ ओम प्रकाश पुरी को 10 लाख रुपये के साथ दबोच लिया। विजिलेंस ने आरोपी आरटीओ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करके आरटीओ को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी विजिलेंस सागर चंद ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करके जांच शुरू कर दी गई है वहीँ आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया जायेगा।