आप ने हरियाणा में मानी हार, कहा नहीं हुआ गठबंधन तो हरियाणा में जीतेगी भाजपा

ख़बरें अभी तक। चुनाव अभी ठीक तरह से शुरू भी नहीं हुआ है,लेकिन उससे पहले ही प्रदेश में सत्ता आने का दम भरने वाली आम आदमी पार्टी ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। यह हम नहीं कह रहे,बल्कि यह दावा आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने झज्जर में मीडिया के मुखातिब होकर कही है।

जिला मुख्यालय पर आम आदमी पार्टी की तरफ से आयोजित किए गए पत्रकार सम्मेलन में नवीन जयहिंद ने कहा कि आज प्रदेश में जातिगत व राजनीतिक जो समीकरण बने हुए है उससे लगता यहीं है कि हरियाणा की लोकसभा की सभी दस सीटों पर भाजपा को केवल कांग्रेस,आप व जेजेपी का गठबंधन ही हरा सकता है।

जयहिंद का यह भी कहना था कि यदि गठबंधन नहीं होता है तो फिर हरियाणा की सभी दसों सीटों पर भाजपा उम्मीद्वारों को जीतने से कोई नहीं रोक सकता। नवीन जयहिंद यहीं नहीं रूके बल्कि उन्होंने रोहतक लोकसभा सीट को लेकर भी कहा कि गठबंधन न होने की स्थिति में इस सीट पर तीन बार सांसद रह चुके दीपेन्द्र हुड्डा भी चुनाव हार जाएगें। लेकिन यदि गठबंधन होता है तो फिर सभी दसों सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इन सभी बातों के बावजूद भी यदि जेजेपी व कांग्रेस गठबंधन करती है तो उनका आप पार्टी स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद सत्ता हासिल करना नहीं है बल्कि वह देश को बचाना चाहते है। क्योंकि भाजपा देश के लिए खतरनाक है और इसे अभी नहीं रोका गया तो वह दिन दूर नहीं है। जब देश के लोगों को इसके परिणाम झेलने पड़ेंगे। उन्होंने प्रदेश व केन्द्र की भाजपा सरकार पर जनता के साथ वायदा खिलाफी करने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने जनता से जो वायदे किए थे उनमें से किसी एक को भी भाजपा ने पूरा नहीं किया। इस मौके पर उनके साथ अश्वनी देशवाल,सुरेन्द नांदल व पार्टी के अन्य स्थानीय नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद थे।