किन्नौर में हिमस्खलन में दबे सेना के दो जवानों के शव बरामद

ख़बरें अभी तक। किन्नौर के नमज्ञा डोगरी में ग्लेशियर में दबे सभी जवानों के शव मिल गए हैं। 23वें दिन रेस्क्यू टीम ने गुरुवार को दो जवानों के शव बरामद किए हैं। इन जवानों की पहचान हिमाचल के निरमंड आनी के विदेश ठाकुर और जम्मू के अर्जुन के रूप में हुई है।

इस आपदा में भारत-तिब्बत सीमा बल के पांच जवान भी घायल हो गए थे। हादसे में दबे हवलदार राकेश कुमार को बाहर निकाल लिया गया पर वह शहीद हो गए। उसके बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन जारी था। 2 मार्च को राजेश ऋषि निवासी जोंघो जगतपुर नालागढ़, सोलन का शव मिला था और उसके बाद नितिन राणा व पं बंगाल के गोविंद छेत्री  का शव बरामद हुआ था। इसके बाद से लगातार जवानों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चल रहा था, इसी दौरान गुरुवार को दो जवानों के शव बरामद हुए।