हिमाचल: मंडी के शिवरात्रि महोत्सव को अधिकारिक तौर पर मिला अंतरराष्ट्रीय स्तर का दर्जा

ख़बरें अभी तक। मंडी में सदियों से मनाए जाने वाले शिवरात्रि महोत्सव को अब अधिकारिक तौर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्सव का दर्जा मिल गया है। राज्य सरकार ने पिछले कल इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इसकी जानकारी खुद सीएम जयराम ठाकुर ने मंडी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के नारला में आयोजित जनसभा के दौरान दी।

जयराम ठाकुर ने बताया कि मंडी के शिवरात्रि महोत्सव को सिर्फ ऐसे ही अंतरराष्ट्रीय महोत्सव कहा जाता था। जबकि इसे अधिकारिक तौर पर यह दर्जा नहीं मिला था। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि प्रदेश के कुल्लू दशहरा और रेणूका जी मेले को ही अधिकारिक तौर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का दर्जा प्राप्त था जबकि बाकी उत्सवों को यह दर्जा नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष से मंडी के शिवरात्रि महोत्सव को पहली बार अधिकारिक तौर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

जयराम ठाकुर ने बताया कि चंडीगढ़ से मनाली जाने वाले पर्यटकों को रास्ते में कोई भी बढि़या टूरिस्ट डेस्टिनेशन नहीं मिलता। यही कारण है कि मंडी शहर को धार्मिक और अन्य पर्यटन गतिविधियों के लिहाज से विकसित किया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने बताया कि मंडी शहर में अनेकों प्राचीन शिव मंदिर हैं। इसलिए मंडी को शिवधाम के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही मंडी शहर के एक कृत्रिम झील भी बनाई जाएगी, ताकि यहां पर्यटन गतिविधियों को और ज्यादा बढ़ाया जा सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र के बरोट, झटिंगरी और पराशर को भी पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाएगा।