हिमाचल प्रदेश में फिर भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी, तापमान में आई गिरावट

ख़बरे अभी तक। हिमाचल प्रदेश लगातार खराब मौसम और ठंड की चपेट में है। प्रदेश में एक बार फिर 19 फरवरी से भारी बारिश और बर्फवारी की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

केलांग में सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 11.0 डिग्री सेल्सियस और ऊना में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 21 फरवरी को मध्यम और ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी और कम ऊंचाई वाले भागों में ओलावृष्टि होने की चेतावनी भी दी है।

शिमला में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर 3.7, भूंतर 0.8, कल्पा -4.0, धर्मशाला 3.8, ऊना 7.5, नाहन 4.5, पालमपुर और सोलन 3.0, मनाली -2.8, कांगड़ा 6.0, मंडी 7.2, बिलासपुर 7.0, हमीरपुर 7.4, चंबा 4.4, डलहौजी 2.4 और कुफरी -0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों हुए भारी हिमपात के कारण पहाड़ी इलाकों में अभी भी ठंड की स्थिति बनी हुई है।