हिमाचल प्रदेश भाजपा ने शुरु किया मेरा परिवार भाजपा परिवार अभियान, 7 लाख घरों मे लगेंगे पार्टी के झंडे

ख़बरें अभी तक। हिमाचल भाजपा ने मेरा परिवार भाजपा परिवार अभियान का आगाज कर दिया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने ऊना में पार्टी कार्यालय में भाजपा का झंडा लगाकर इस अभियान का शुभारंभ किया। 2 मार्च तक चलने वाले इस अभियान के तहत भाजपा ने प्रदेशभर में 7 लाख पार्टी के झंडे लगाने का लक्ष्य रखा है। भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान में अपने घरों के साथ-साथ आस पड़ोस के घरों में भी दस्तक देकर मोदी सरकार की योजनाओं का बखान करेंगे और उनके घरों पर भी भाजपा का झंडा लहरायेंगे।

इस अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता अपने घरों के साथ-साथ अपने आस पड़ोस के घरों में भी भाजपा का झंडा लगाएंगे। इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ता केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की जयराम सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहितैषी योजनाओं को आमजन से सांझा करेंगे। भाजपा के कार्यकर्ता झंडा लगाते समय अपनी सेल्फी भी सोशल मीडिया पर मेरा परिवार भाजपा परिवार हैश टैग के साथ शेयर करेंगे। इसके साथ ही आने वाले दिनों में जनता से संपर्क साधने के लिए कई अभियान शुरू करने जा रही है।

वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनावो में जनता से समर्थन लेने के लिए विशेष अभियान चला रही है। सत्ती ने लोकसभा चुनावों में हिमाचल की चारों सीटों पर विजय पताका फहराने का दावा भी किया।