हिमाचल: पांगी में हिमखंड गिरने से 8 घर दबे, 5 जिदंगिया 24 घंटे बर्फ में दबे रही

ख़बरें अभी तक। हिमाचल प्रदेश के चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी के मुर्छ गांव में हिमखंड गिरने से आठ घर बर्फ में दब गए। वहीं पांच लोग 24 घंटे तक बर्फ में फंसे रहे। हालांकि पांचो की जिंदगियों को सुरक्षित बचा लिया गया था। बता दें कि घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इस घटना को हुए तीन दिन हो चुके हैं लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी नुकसान का जायजा लेने नहीं आया है। इसका कारण यह भी है कि गांव का किलाड़ का संपर्क पूरी तरह से टूट चुका है।

सोमवार को गांव के लोग समस्या को लेकर 47 कि.मी. बर्फ में पैदल चलकर किलाड़ मुख्यालय पहुंचे। यहां पहुंच कर ग्रामीणों ने एसडीएम पांगी को हिमखंड से हुए नुकसान के बारे में अवगत करवाया और जल्द हादसे का शिकार हुए लोगों के लिए मुआवजे की मांग की है। एसडीएम विश्रुत भारती ने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा है कि जल्द ही प्रशासन की ओर से तहसीलदार व पटवारी को नुकसान का जायजा लेने के लिए गांव भेजा जाएगा।

घटना उस समय हुई जब मुर्छ गांव में रहने वाले आठ परिवारों के लोग रात को दूसरे गांव में जुकारू उत्सव की धाम खाने गए थे। इसी दौरान गांव के ऊपर पहाड़ी से हिमखंड गिर गया। बता दें कि हिमखंड घरों के ऊपर से होते हुए निकल गया और आठ घर बर्फ में दब गए। जिस समय ये घटना हुई उस समय घरों के अंदर पांच लोग थे। वहीं ग्रामीणों ने घरों में पहुंच कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला, गनीमत रही कि सभी लोगों के सुरक्षित बाहर निकाला गया। पांगी एसडीएम विश्रुत भारती ने कहा कि हिमखंड गिरने से प्रभावित लोगों को राहत राशि दी जाएगी।