शादी में हुई फायरिंग,दुल्हन को लगी गोली

ख़बरें अभी तक। दिल्ली में बीती रात एक शादी समारोह में किसी ने फायरिंग कर दी। गोली स्टेज पर मौजूद दुल्हन को लग गई। गोली दुल्हन के पैर में लगी। शादी समारोह में गोली लगने के बाद अफरा तफरी मच गई। इसी बीच दुल्हन को तुरंत ही पास के अस्पताल ले जाया गया। बाद में अस्पताल से वापस आकर दुल्हन ने जख्‍मी हालत में ही शादी की बाकी की रस्में पूरी कीं। जयमाला के दौरान जैसे ही दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर पहुंचे अचानक किसी ने गोली चला दी। गोली दुल्हन के पैर में जा लगी और दुल्हन वहीं पर गिर पड़ी।

परिवार और रिश्तेदार बेहद मायूस दिखे क्योंकि शादी की तैयारियां बीते कई महीनों से चल रही थी। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस काफी पूछताछ के बाद भी आरोपी का कुछ पता नहीं लग पाया। इस बीच दुल्हन ने हिम्मत दिखाते हुए फैसला लिया कि वह आज रात ही शादी पूरी करेगी। दुल्हन ने परिवारवालों और डॉक्टर को बोलकर मंदिर ले जाने की बात कही। पहले तो डॉक्टर ने इसके लिए इजाजत देने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में वह मान गए। इसके बाद दुल्हन ने जख्‍मी हालत में ही शादी की सारी रस्में पूरी कीं।

गनीमत यह रही की गोली दुल्हन के पैर में लगी। ये गोली शरीर के दूसरे हिस्‍से में लगती तो बड़ा हादसा हो जाता। हालांकि, दूल्हा पक्ष के एक व्यक्ति ने जानबूझकर गोली चलाने की बात कही है। पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि गोली मिलने के बाद आरोपी तक पहुंचने में आसानी होगी और उसके बाद ही तय होगा कि क्या यह फायरिंग खुशी में की गई थी या फिर जानबूझकर किसी ने दुल्हन या दूल्हे को निशाना बनाया।