हिमाचल में अमित शाह के दौरे को लेकर तैयारियां शुरू

ख़बरें अभी तक। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के ऊना में होने वाले पन्ना प्रमुख सम्मेलन की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है। 28 जनवरी को ऊना के इंदिरा मैदान में होने वाले इस सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगे।अमित शाह के ऊना दौरे को यादगार बनाने के लिए जिला भाजपा ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

ऊना विधानसभा क्षेत्र भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का गृह विधानसभा क्षेत्र है इसलिए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती स्वंय ऊना भाजपा के पदाधिकारियों के साथ बैठकें करने में जुट गए हैं। अमित शाह के दौरे को लेकर हुई ऊना भाजपा की पहली बैठक भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने ली, जबकि बैठक में विधायक बलबीर चौधरी, विधायक राजेश ठाकुर और हिमाचल हैंडीक्राफ्ट निगम के उपाध्यक्ष संजीव कटवाल विशेष रूप से उपस्थित रहें।

ऊना में आयोजित होने वाले इस पन्ना सम्मेलन में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के करीब 30 हजार पन्ना प्रमुख शिरकत करेंगे। वहीँ भाजपा के दिग्गज नेताओं में पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, सांसद अनुराग ठाकुर सहित क्षेत्र के सभी विधायक और बड़े नेता हिस्सा लेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में जीत के लिए पन्ना सम्मेलन अहम भूमिका अदा करेंगे। सत्ती ने लोकसभा चुनाव में हिमाचल की चारों सीटें जीतने का भी दावा किया।