मुरादाबाद के महिला थाने में नही सुनी गई पीड़िता की पुकार

 ख़बरें अभी तक:महिलाओं की सुरक्षा का दम भरने वाली योगी सरकार में  भी महिलाओं पर अत्याचार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रोजना महिलाओं पर उत्पीड़न के मामले प्रकाश में आ रहे हैं। ताजा मामला मुरादाबाद का है। यहां रहने वाली एक महिला को उसके पति ने तीन बच्चों के साथ मारपीट करके घर से निकाल दिया। पीड़िता किसी तरह महिला थाने पहुंची मगर वहां भी उसे न्याय नहीं मिला। महिला थाने की पुलिस द्वारा दुत्कारी गई पीड़िता की हिम्मत जवाब दे गई और वह थाने के गेट पर बैठकर बुरी तरह बिलखने लगी। संवेदनहीन हो चुकी महिला थाने की पुलिस का इसके बाद भी दिल नहीं पसीजा।

महिला थाना प्रभारी अपने कक्ष में बैठी रहीं। इस बीच कुछ मीडिया कर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने महिला की वीडियो बनानी शुरू कर दी।  तब पुलिस हरकत में आ गई। महिला कांस्टेबल ने तत्काल थाने के गेट पर पड़ी महिला को उठाया। तब तक पीड़िता की हालत खराब हो चुकी ‌थी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़िता का कहना था कि उसके पति ने  मारपीट करके तीन बच्चों के साथ उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने बताया कि उसका पति दूसरी शादी कर रहा है। इसलिए उसे और उसके तीन बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया। पुलिस फिलहाल इस मामले पर हरकत में नही आयी है।