आय से अधिक संपत्ति मामले में वीरभद्र सिंह की पत्नी सहित आठ लोगों पर आरोप तय

ख़बरें अभी तक। आय से अधिक संपत्ति मामले में अदालत ने हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह समेत आठ आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम और अन्य धाराओं में आरोप तय कर दिए। आय से दस करोड़ अधिक संपत्ति मामले में आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह  के पेश न होने के कारण उनके खिलाफ आरोप तय नहीं हो सके। अदालत ने अब उन्हें 29 जनवरी को पेश होने का निर्देश दिया है। पटियाला हाउस अदालत के विशेष सीबीआई जज अरुण भारद्वाज के समक्ष वीरभद्र सिंह की ओर से छूट के लिए आवेदन दिया गया था।

कोर्ट ने वीरभद्र सिंह समेत नौ आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम की धाराओं में आरोप तय करने का निर्देश 10 दिसंबर 2018 को दिया था। इस मामले में अदालत ने वीरभद्र सिंह व उनकी पत्नी को 29 मई 2017 को जमानत दी थी।

सीबीआई का आरोप है कि वीरभद्र सिंह ने केंद्रीय मंत्री रहते हुए आय से 10 करोड़ अधिक संपत्ति अर्जित की। जांच के दौरान उनकी संपत्ति घोषित आय से 192 फीसदी अधिक पाई गई थी।