प्रदेश में बढ़ी सर्दी, हिसार में ठंड ने तोड़ा पिछले 44 साल का रिकॉर्ड

ख़बरें अभी तक। प्रदेश में पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अलग-अलग जिलों में तापमान में गिरावट लगातार जारी है. हिसार में तो पारा शून्‍य से भी नीचे चला गया है और माइनस एक डिग्री पर पहुंच जाने से शहर और आसपास का क्षेत्र जम सा गया है। राज्य के कई अन्‍य स्‍थानों पर तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस है। यह तापमान शिमला से भी कम है। शिमला में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस है।

इस बार हिसार में ठंड ने 44 पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 44 साल बाद ऐसा हुआ कि दिसंबर महीने में पारा माइनस एक डिग्री तक गया है। इससे पहले दिसंबर महीने में सबसे कम तापमान वर्ष 1973 में दर्ज किया गया था। 29 दिसंबर 1973 को न्यूनतम तापमान माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस था। पिछले 10 सालों की बात करें तो वर्ष 2013 में दिसंबर महीने में 28 तारीख को न्यूनतम पारा माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वहीं चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में गिरावट रहेगी और यह इससे भी नीचे जा सकता है। इसके साथ ही ठंड बढ़ने से फसलों पर पाला पड़ने का भी खतरा है।