‘कांग्रेस मुद्दों की तालाश में कानून व्यवस्था बिगड़ने का छोड़ रही शगूफा’

ख़बरें अभी तक। कांग्रेस मुद्दों की तालाश में कानून व्यवस्था बिगड़ने का शगूफा छोड़ रही है। यह बात खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने ऊना में पत्रकारों से बात करते हुए कही। कपूर ने कहा कि कांग्रेस भाजपा सरकार का एक साल पूरा होने पर जिस चार्जशीट की बात कर रही है उसका कोई आधार नहीं होगा। वहीं कपूर ने भाजपा की एकजुटता के आधार पर प्रदेश की चारों लोकसभा सीट जीतने का दावा भी किया। कपूर ने कांग्रेस को बिखरे हुए कुनबे वाली पार्टी करार दिया है।

कांग्रेस द्वारा प्रदेश कानून व्यवस्था को लेकर लगातार भाजपा सरकार को घेरने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन भाजपा सरकार के मंत्री किशन कपूर ने कांग्रेस के इस मुद्दे को मात्र शगूफा करार दिया है। ऊना में पत्रकारों से बात करते हुए किशन कपूर ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक देख कांग्रेस मुद्दों की तालाश में है जिसके दम पर कांग्रेस अक्सर चुनाव जीतती आई है। कपूर ने कहा कि अब लोग कांग्रेस की असलियत जान चुकी है इसलिए कांग्रेस के ऐसे शगूफों में जनता नहीं आएगी।

वहीं प्रदेश की भाजपा सरकार का एक साल पूरा होने पर कांग्रेस द्वारा चार्जशीट जारी करने के ब्यान पर पलटवार करते हुए कपूर ने कहा कि कांग्रेस के पास चार्जशीट में डालने के लिए कुछ नहीं है जबकि भाजपा सरकार की उपलब्धियों से जनता भलीभांति वाकिफ है। वहीं लोकसभा चुनावों पर बोलते हुए किशन कपूर ने हिमाचल की चारों सीटें जीतने का दावा किया। कपूर ने कहा कि भाजपा एकजुट है जबकि कांग्रेस का कुनबा बिखरा हुआ है और कांग्रेस के हर नेता का अपना-अपना रास्ता है।