रजनी पाटिल: 2019 के लिए कांग्रेस में एकजुटता का दावा

खबरें अभी तक। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटील का कहना है कि पार्टी के नेताओं में मनभेद हो सकते हैं, पर मतभेद नहीं होने चाहिए। उन्होंने सोमवार को यह कहा कि यहां पर चुनौतियां तो बहुत हैं, लेकिन प्रदेश के बड़े नेताओं को भी साथ लेकर उनसे निपटा जाएगा।

प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार हिमाचल पहुंचीं रजनी पाटील ने मीडिया से कहा कि प्रदेश में पार्टी के आगे ले जाने व मजबूत करने के लिए बुजुर्ग नेताओं के मार्गदर्शन में हम सभी आगे बढ़ेंगे।

हम सभी को पार्टी ने सब कुछ दिया है। हम पार्टी की बदौलत यहां तक पहुंचे हैं। इसलिए सभी को पार्टी के लिए एकजुट होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों के लिए रणनीति बनाई जाएगी। जो नेता यहां पर पहुंचे हैं, उनसे चर्चा होगी। जो यहां पर नहीं पहुंच पाएं हैं, उन तक पहुंचकर सभी को एक मंच पर लाकर चुनावी माहौल तैयार किया जाएगा।

पाटील ने कहा कि हिमाचल बहुत प्यारा राज्य है और यहां के लोग आदर सम्मान देने वाले हैं। रजनी पाटील यहां राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आमसभा को संबोधित करेगी।

इस सभा में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी, जिला अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों व विभागों के प्रमुख, सचिव, ब्लॉक पर्यावेक्षक भी मौजूद होंगे।