MM (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) का धनौरा गांव में फ्री स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, ग्रामीणों ने उठाया लाभ

अंबाला: महार्षि मार्कण्डेश्वर (MM) (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), मुलाना-अंबाला द्वारा गांव धनौरा में ग्रामीणों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।यह शिविर ग्राम धनौरा ग्राम पंचायत के सहयोग से श्री गुरुद्वारा साहिब, ग्राम धनौरा में शनिवार, 11 जुलाई 2026 को प्रातः 09:30 बजे से दोपहर 02:30 बजे तक आयोजित किया गया।


शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इनमें मेडिसिन, बाल रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग तथा फिजियोथेरेपी विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच, परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य मार्गदर्शन प्रदान किया गया।


विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराना है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच करवाई और चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।


इस अवसर पर ग्राम पंचायत धनौरा तथा विश्वविद्यालय के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नियमित जांच कराने का आह्वान किया।


शिविर का आयोजन विश्वविद्यालय के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग एवं फिजियोथेरेपी विभाग द्वारा किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई