विश्व पर्यावरण दिवस पर एम.एम. आईसीटीबीएम में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण

मुलाना: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महर्षि मार्कण्डेश्वर (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), मुलाना स्थित एम.एम. इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर टेक्नोलॉजी एंड बिजनेस मैनेजमेंट (एम.एम. आईसीटीबीएम) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओईएफसीसी) के निर्देशों के अनुरूप आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान एम.एम. (डी.यू.) के 16 एकड़ खेल मैदान में संपन्न हुआ। अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अपनी माताओं के सम्मान में एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

संस्थान के प्राचार्य डॉ. सुमित मित्तल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में 50 से अधिक शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

एम.एम. आईसीटीबीएम, मुलाना में विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण करते शिक्षक और विद्यार्थी।

प्रतिभागियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने तथा हरित भविष्य के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। यह अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ की भावना को साकार करते हुए समाज में पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश देने में सफल रहा।