लखनऊ में कल दौड़ेगी ‘एसबीआई ग्रीन मैराथन’, पर्यावरण और स्वास्थ्य का संदेश लेकर उमड़ेंगे 4000 धावक

Report By : आकाश यादव, लखनऊ ब्यूरो

लखनऊ : राजधानी लखनऊ एक बार फिर खेल और सामाजिक जागरूकता के एक बड़े आयोजन का साक्षी बनने जा रही है। कल, 14 सितम्बर को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) द्वारा आयोजित “एसबीआई ग्रीन मैराथन” का आयोजन 1090 चौराहा, गोमती नगर से किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों में स्वच्छता, हरित पर्यावरण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना है। यह दौड़ केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि एक सामाजिक संदेश है कि हम सब मिलकर अपने शहर और देश को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने में योगदान दें।इस वर्ष के आयोजन में करीब 4000 धावक भाग लेंगे, जिनमें लखनऊ के जाने-माने और सम्मानित रनर्स जैसे चंदन सिंह (ब्रांड एम्बेसडर), शाद खान, ज्ञान प्रकाश, मोहित टंडन और अमृत्य सिन्हा शामिल हैं। इन धावकों की मौजूदगी से युवा और आमजन दोनों को ही स्वास्थ्य और फिटनेस के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में प्रेरणा मिलेगी।

विभिन्न श्रेणियों में आयोजित होगी मैराथन

यह मैराथन विभिन्न श्रेणियों में आयोजित की जाएगी ताकि हर स्तर के धावक इसमें भाग ले सकें। इसमें 21 किमी टाइम्ड रन, 10 किमी टाइम्ड रन और 5 किमी नॉन-टाइम्ड रन शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों को ऑर्गेनिक टी-शर्ट, फिनिशर मेडल और ई-सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। दौड़ पूरी करने के बाद प्रतिभागियों के लिए पौष्टिक नाश्ते की भी व्यवस्था रहेगी, जिससे उन्हें ऊर्जा मिल सके।

प्रमुख भागीदार और उनके विचार

इस आयोजन को सफल बनाने में कई संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। रेडियो मिर्ची इस मैराथन का रेडियो पार्टनर है, जो पूरे शहर में कार्यक्रम की जानकारी और जोश जगाने का कार्य कर रहा है। वहीं, शेखर हॉस्पिटल इस आयोजन का मेडिकल पार्टनर है।शेखर हॉस्पिटल के निदेशक सुनील दत्त त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा – “ऐसे बेहतरीन आयोजन से जुड़कर पूरा हिंद समूह अत्यंत उत्साहित और गौरवान्वित महसूस कर रहा है। एसबीआई ग्रीन मैराथन जैसे कार्यक्रम न केवल फिटनेस और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक जिम्मेदारी का गहरा संदेश भी देते हैं। हम इस आयोजन का हिस्सा बनकर गर्व महसूस कर रहे हैं।”इस मैराथन का संचालन और आयोजन वेलनेस लखनऊ कंपनी द्वारा किया जा रहा है। कंपनी के निदेशक देवेश दुबे ने इस आयोजन पर अपने विचार साझा करते हुए कहा – “लखनऊ जैसी सांस्कृतिक और खेल-प्रिय नगरी में इतने बड़े स्तर पर ग्रीन मैराथन का आयोजन करना हमारे लिए गर्व की बात है। हमें विश्वास है कि यह दौड़ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करेगी।”यह उम्मीद की जा रही है कि हजारों नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन राजधानी लखनऊ में पर्यावरण और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। यह मैराथन न केवल एक खेल आयोजन है, बल्कि एक जन आंदोलन है, जो शहर को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ बनाने के लिए प्रेरित करेगा।