Report By : आकाश यादव, लखनऊ ब्यूरों
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज अपने लखनऊ स्थित सरकारी आवास, 7 कालिदास मार्ग पर ‘जनता दर्शन’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में उन्होंने बड़ी संख्या में आए प्रदेशवासियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।जनता को संबोधित करते हुए श्री मौर्य ने कहा कि “प्रदेश की जनता ही मेरा परिवार है, और जनता की हर पीड़ा मेरी अपनी पीड़ा है।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार का दायित्व है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान समयबद्ध और न्यायपूर्ण तरीके से हो। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनता की सेवा और सम्मान है और हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए आम नागरिक, किसान, व्यापारी, महिलाएं और बुजुर्गों ने अपनी शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली, रोजगार और सामाजिक कल्याण योजनाओं से संबंधित मामले शामिल थे। उपमुख्यमंत्री ने सभी की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।श्री मौर्य ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता को किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से हो। ‘जनता दर्शन’ में आए लोगों की आंखों में यह विश्वास साफ झलक रहा था कि उपमुख्यमंत्री स्वयं उनकी समस्या सुन रहे हैं।इस कार्यक्रम के दौरान कई जरूरतमंदों को तुरंत राहत भी दिलाई गई। गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जबकि गरीब और वंचित वर्ग के लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का आश्वासन दिया गया। सभी मामलों को तत्काल संबंधित विभागों को भेजा गया। मौर्य ने कहा कि ‘जनता दर्शन’ जैसे कार्यक्रम जनता और सरकार के बीच सीधे संवाद का माध्यम हैं और इसका उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।











