AAP कर्नाटक में उतारेगी सभी 224 सीटों पर उम्मीदवार, BJP और कांग्रेस को बताया ‘नकलची’

ख़बरें अभी तक: इस साल दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी अपनी कमर कस ली है साथ ही अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। दो राज्यो में मिली जीत के बाद अब  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind kejriwal) की पार्टी ने ऐलान भी कर दिया है कि वह कर्नाटक राज्य की सभी 224 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। मंगलवार को आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि AAP आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए एजेंडा तय कर रही है। इस दौरान उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। आप नेता ने कहा कि जहां भाजपा दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिकों की तर्ज पर ‘नम्मा क्लिनिक’ का वादा कर रही है। वहीं, कांग्रेस 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा कर रही है। उन्होंने दोनों पार्टियों को नकलची बताया है।

बेंगलुरू में पत्रकारों से वार्ता करते हुए आप नेता आशिकी ने राज्य भर के सभी 224 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने का एलान करते हुए कहा कि उम्मीदवारों की सूची मार्च के पहले सप्ताह में घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोग शासन के दिल्ली मॉडल की नकल वाला संस्करण नहीं चाहते हैं वे मूल चाहते हैं। ऐसे में पार्टी ने कर्नाटक में पूरे जोश के साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि भाजपा ने अपने कार्यकाल के आखिर में कर्नाटक में ‘विवेका’ योजना के तहत 24,000 कक्षाओं का वादा किया है। ऐसे में मेरा सवाल है कि पिछले पांच सालों में इनका निर्माण क्यों नहीं किया गया। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने आगे कहा कि भगवा पार्टी राज्य की सत्ता में रही इसके बाद भी उसने कुछ नहीं किया और अब वादे कर रही है। 

दिल्ली और पंजाब में सरकार और गुजरात में अच्छी संख्या में वोट बटोरकर राष्ट्रीय पार्टी बन चुकी आम आदमी पार्टी की निगाहें कर्नाटक विधानसभा चुनाव पर है