COVID-19 India: लगातार दूसरे दिन 1 लाख से कम केस मिले, पिछले 24 घंटे में 2,219 संक्रमितों की मौत !

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप अब थमने लगा है। लगातार दूसरे दिन एक लाख से कम कोरोना संक्रमण के नए केस मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 92 हजार 596 नए कोरोना केस आए और 2 हजार 219 संक्रमितों की जान चली गई है। वहीं एक लाख 62 हजार 664 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। यानी कि बीते दिन 72,287 एक्टिव केस कम हो गए। इससे पहले सोमवार को 86 हजार 498 केस दर्ज किए गए थे।

आज देश में लगातार 27वें दिन कोरोना वायरस के नए मामलों से ज्यादा रिकवरी हुई हैं। 8 जून तक देशभर में 23 करोड़ 90 लाख 58 हजार कोरोना वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 27 लाख 76 हजार टीके लगाए गए। वहीं अबतक 37 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन करीब 20 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 4 फीसदी से ज्यादा है।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

कुल कोरोना केस- 2 करोड़ 90 लाख 89 हजार

कुल डिस्चार्ज- 2 करोड़ 75 लाख 4 हजार 126

कुल एक्टिव केस- 12 लाख 31 हजार 415

कुल मौत- 3 लाख 53 हजार 528

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.21 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 94 फीसदी से ज्यादा हो गया है। एक्टिव केस घटकर 5 फीसदी से कम हो गए हैं। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।

12 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 12 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

20 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

प्रमुख राज्यों के हाल

1. महाराष्ट्र

यहां मंगलवार को 10,891 लोग संक्रमित पाए गए। 16,577 लोग ठीक हुए और 702 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 58.52 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 55.80 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.01 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1.67 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश

यहां मंगलवार को 705 लोग संक्रमित पाए गए। 2,227 लोग ठीक हुए और 92 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.99 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.64 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 21,425 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 14,067 मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
दिल्ली में मंगलवार को 316 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 521 लोग ठीक हुए और 41 की मौत हो गई। अब तक 14.29 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 24,668 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 4,962 मरीजों का इलाज चल रहा है।