चंडीगढ़: ट्राईसिटी में डराने वाला तूफान ! जगह-जगह गिरे पेड़, एक घंटे तक बत्ती हुई गुल !

ख़बरें अभी तक || ट्राईसिटी चंडीगढ़ में बीती रात आए भयंकर तूफान ने सब कुछ हिलाकर रख दिया। शनिवार की रात अचानक मौसम ने करवट ली और तूफान जैसी तेज हवाएं चलीं। हवाओं की गति इतनी तेज थी कि कई बिजली के खंभे व पेड़ जड़ से उखड़ गए। कई मकानों की छत पर रखीं पानी की टंकियां उड़ गईं। दुकानों के बाहर लगे साइन बोर्ड व टीन उखड़ कर दूर जा गिरीं। पूरा ट्राईसिटी में करीब एक घंटे तक ब्लैक आउट रहा। इस दौरान तेज बारिश भी दर्ज की गई। बारिश व तेज आंधी से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। 

रात साढ़े 11 बजे तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था। करीब 15 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जानकारों के मुताबिक हवा की गति करीब 80-100 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रही थी। एक घंटे में करीब 30 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। करीब 11 बजे जाकर तूफान थमा। मौसम विभाग ने बताया कि यह तूफान पंजाब की ओर से आया था, जो चंडीगढ़ के रास्ते पंचकूला की ओर गुजर गया।

अचानक आता है ऐसा तूफान, पूर्वानुमान नहीं था

मौसम विभाग की ओर से इस तूफान के बारे में कोई पूर्वानुमान नहीं था। मौसम विभाग का दावा है कि मौसम में यह परिवर्तन अचानक से होता है। इसके पीछे कई सारे वजहे हो सकती हैं। प्राथमिक तौर पर नमी वाली हवाएं दक्षिण पूर्व दिशा से आ रही थी। इससे कम वायुदाब का क्षेत्र बना और साथ में पश्चिमी विक्षोभ का भी असर था। इन सारे मौसमी सिस्टम की वजह से अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश रिकार्ड हुई।

ट्राइसिटी में गुल रही बिजली

आंधी व बारिश के बाद पूरे ट्राइसिटी की बिजली गुल हो गई। मौसम सामान्य होने के बाद कुछ जगहों पर बिजली आ गई, लेकिन जिन जगहों के खंभे व ट्रांसफार्मर उखड़ गए थे, वहां देर रात तक बिजली नहीं आई थी। मौसम सुधरने के बाद बिजली विभाग की टीम मरम्मत के लिए निकल गई थी और देर रात बाधित बिजली सुधारने का काम जारी था।

तूफान से हुआ काफी नुकसान

देर रात तक तूफान से हुए नुकसान के बारे में जानकारी मिलने लगी थी। मोहाली व जीरकपुर के कई घरों की छत पर रखीं टंकिया तक उखड़ गई थी। दुकानों के शीशे टूट गए। ट्राइसिटी के कई पेड़ जड़ से उखड़ चुके थे। चंडीगढ़ नगर निगम की ओर से बताया गया है कि असल नुकसान का पता रविवार सुबह पता चलेगा। अभी उनके पास ऐसी कोई जानकारी नहीं आई है।