COVID-19 Update India: कमजोर पड़ी कोरोना की दूसरी लहर? 24 घंटों में 1.86 लाख नए केस, 3660 लोगों की मौत !

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना की दूसरी लहर कमजोर पड़ने लगी है। रोजाना के मामलों में लगातार उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वहीं 44 दिनों बाद एक राहत भरी खबर सामने आई है। कोरोना वायरस के सबसे कम नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोरोना के  1 लाख 86 हजार 364 नए केस आए हैं और 3 हजार 660 संक्रमितों की जान चली गई है। वहीं 2 लाख 59 हजार 459 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। यानी कि बीते दिन 76 हजार 755 एक्टिव केस कम हो गए। इससे पहले बुधवार को 2 लाख 11 हजार 298 लाख नए केस दर्ज किए गए थे और 3847 संक्रमितों की मौत हुई थी।

27 मई तक देशभर में 20 करोड़ 57 लाख 20 हजार 660 कोरोना वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 29 लाख 19 हजार 699 टीके लगाए गए। वहीं अबतक 33 करोड़ 90 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन 20.70 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 8 फीसदी से ज्यादा है।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

कुल कोरोना केस- दो करोड़ 75 लाख 55 हजार 457

कुल डिस्चार्ज- दो करोड़ 48 लाख 93 हजार 410

कुल एक्टिव केस- 23 लाख 43 हजार 152

कुल मौत- 3 लाख 18 हजार 895

दूसरी लहर मंद पड़ी

केंद्र ने कहा कि देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर मंद पड़ रही है और साथ उम्मीद जताई कि आगामी दिनों में प्रतिबंधों में अधिक ढील देने के बावजूद भी मामलों में कमी जारी रहेगी। लेकिन साथ ही कहा कि अब भी उपचाराधीन मामले बहुत ज्यादा हैं।

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.15 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 90 फीसदी से ज्यादा है। एक्टिव केस घटकर 9 फीसदी से कम हो गए हैं। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

प्रमुख राज्यों के हाल

1. महाराष्ट्र

यहां गुरुवार को 21,273 लोग संक्रमित पाए गए। 34,370 लोग ठीक हुए और 884 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 56.72 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 52.76 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 92,225 लोगों की मौत हो गई। 3.01 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश

यहां गुरुवार को 3,176 लोग संक्रमित पाए गए। 6,995 लोग ठीक हुए और 187 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.83 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.05 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 19,899 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 58,267 मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली

दिल्ली में गुरुवार को 1,072 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 3,725 लोग ठीक हुए और 117 की मौत हो गई। अब तक 14.22 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.82 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 23,812 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 19,148 का इलाज चल रहा है।