COVID-19 Update India: 42 दिन बाद 2 लाख से कम नए केस, पिछले 24 घंटों में 3511 की मौत !

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना की दूसरी लहर अब कमजोर पर रही है। कोरोना संक्रमण के नए मामलों  में गिरावट देखी जा रही है। वहीं मौत के आंकड़ों का ग्राफ भी निचे आया है। स्वास्थय मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबित, देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1 लाख 96 हजार 427 नए मामले सामने आए हैं तो वहीं 3 हजार 511 कोरोना से संक्रमित मरीजों की जान चली गई है। हालांकि 3 लाख 26 हजार 850 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। कोरोना के नए मामलों का यह आंकड़ा पिछले 42 दिनों में सबसे कम है। बड़ी बात यह है कि देश में आखिरी बार कोरोना के दो लाख से कम मामले 13 अप्रैल को आए थे। तब देश में कोरोना के 1 लाख 84 हजार मामले दर्ज किए गए थे।

जानिए देश में कोरोना के ताजा आंकड़े क्या हैं।

कुल केस- 2 करोड़ 69 लाख 48 हजार 874

कुल डिस्चार्ज- 2 करोड़ 40 लाख 54 हजार 861

कुल मौत- 3 लाख 7 हजार 231

कुल एक्टिव केस- 25 लाख 86 हजार 782

कुल टीकाकरण- 19 करोड़ 85 लाख 38 हजार 999

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने बताया है कि भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 20 लाख 58 हजार 112 सैंपल टेस्ट किए गए, जिसके बाद कल तक देश में कुल 33 करोड़ 25 लाख 94 हजार 176 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

18 दिनों से कोरोना के मामलों में तेजी से आई कमी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि भारत में पिछले 18 दिनों से कोरोना के मामलों में तेजी से कमी आ रही है। 18 दिनों में 3 लाख से कम केस आ रहे है। रिकवरी रेट में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। एक्टिव केस में भी गिरवाट आई है। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 15 हफ्तों में नमूनों की जांच में 2.6 गुना की वृद्धि की गई है, जबकि पिछले दो हफ्ते से साप्ताहिक संक्रमण दर में तेजी से गिरावट आ रही है।

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

प्रमुख राज्यों के हाल

1. महाराष्ट्र

यहां सोमवार को 22,122 लोग संक्रमित पाए गए। 42,320 लोग ठीक हुए और 592 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 56.02 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 51.82 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 89,212 लोगों की मौत हो गई। 3.27 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश

यहां सोमवार को 3,894 लोग संक्रमित पाए गए। 11,918 लोग ठीक हुए और 153 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.73 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 15.77 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 19,362 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 76,703 मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली

दिल्ली में सोमवार को 1550 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 4375 लोग ठीक हुए और 207 की मौत हो गई। अब तक 14.18 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.70 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 23,409 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 24,578 का इलाज चल रहा है।